चौकुनी ग्राम पंचायत की बैठक में भाग लेतीं ग्रामीण महिलाएं। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। शराब जैसी बुराई को समाज से उखाड़ फेंकने के लिए निकटवर्ती ग्राम पंचायत चौकुनी कलौना ने भी अब कमर कस ली है। ग्राम पंचायत की खुली बैठक में गांव में शराब बंदी का प्रस्ताव पास किया गया। अब विवाह समारोह हो या कोई उत्सव, शराब पिलाने और पीने वालों के खिलाफ मोर्चा खोलने का निर्णय लिया गया।
इसके लिए सभी ग्रामीणों से एकजुट होकर सहयोग करने की अपील की गई।
प्रधान मनोज ऐरड़ा की अध्यक्षता में हुई बैठक में गांव में शराब को पूूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने का निर्णय हुआ। प्रधान मनोज ऐरड़ा ने कहा कि शराब समाज के लिए नासूर बन चुकी है।
तमाम तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के बावजूद इसका प्रभाव कम नहीं हो रहा है। सबसे अधिक युवा नशे की चपेट में हैं। इससे उनके भविष्य पर दुष्प्रभाव पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसीलिए ग्रामीण स्तर से ही बुराई के समूल खात्मे का संकल्प लेना होगा।
तय हुआ कि अब ग्राम सभा में विवाह समारोह हों या कोई उत्सव, शराब पिलाने और पीने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस निर्णय की ग्रामीणों ने सराहना की। कहा कि ग्रामीण इस मुहिम में पूरा साथ देंगे। यदि हर ग्राम सभा में इस तरह के प्रस्ताव पास हों तो इस बुराई का खात्मा किया जा सकता है।
इसके अलावा बैठक में गांव के विकास कार्यों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखी जाएगी। कार्यक्रम में नरेंद्र कुमार, नरेंद्र जनी, लछम सिंह, चंदन सिंह ऐरड़ा, लाल सिंह जनी, दीवान सिंह जनी, लाल सिंह रावत, हरीश जनी, मनी राम, प्रकाश चंद्र तिवारी सहित तमाम महिलाएं और पुरुष मौजूद रहे।