क्षेत्र के रामपुर इलाके में अवैध खनन पर रोक नहीं लग पा रही है। खनन के धंधे से जुड़े लोग रात को भी पत्थर उठा ले जा रहे हैं। अवैध खनन कर पत्थरों को लेकर जा रहे डंपर को ग्रामीणों ने रात भर घेरकर रोके रखा। सुबह एसडीएम के मौके पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने डंपर को उनके सुपुर्द किया। बाद में प्रशासन ने डंपर को सीज कर दिया।
ग्राम पंचायत रामपुर के जंगल में ग्रामीणों के लगातार प्रयासों के बावजूद अवैध खनन पर लगाम नहीं लग पा रही है। बुधवार की रात करीब ग्यारह बजे रामपुर के जंगल से अवैध रूप सें पत्थर ले जा रहे एक डंपर संख्या यूके01सीए0752 को ग्रामीणों ने मौके पर पकड़कर घेर लिया।
ग्रामीण डंपर को बृहस्पतिवार की सुबह एसडीएम के पहुंचने तक घेरे रहे। सुबह दस बजे एसडीएम हेमंत वर्मा के पहुंचने पर ग्रामीणों ने डंपर को उनके सुपुर्द कर दिया। एसडीएम ने ग्रामीणों से खनन करने वाले ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया और डंपर सीज कर दिया।
उन्होंने कहा कि खनन स्थल पर पड़े पत्थरों को भी कब्जे में लिया जाएगा। डंपर को रात भर घेरे रहे ग्रामीणों ने मौके पर आग तापकर किसी तरह रात बिताई। लोगों का कहना था कि पुलिस प्रशासन के उदासीन रवैए के चलते ही ग्रामीणों ने अवैध खनन करने वालों को सबक सिखाने की ठानी है।
लोगों का कहना है कि खनन करने वाले को पूर्व में भी समझाया गया, परंतु वह नहीं माना। रात भर डंपर को घेरे रखने वाले ग्रामीणों में रामपुर की प्रधान कुंती देवी, पूर्व प्रधान रतन राम, दिनेश चंद्र, बिपिन चंद्र, सरपंच प्रतापगिरी, जगत सिंह राई, पूरन उप्रेती, खुशाल सिंह, कविता, पदमा, मोहनी, माया, सरस्वती, दिनेश चंद्र,गंगादेवी, मोहनी देवी, रेवती देवी बबीता अनिता हुंसुली, बसंती, नंदी आदि तमाम ग्रामीण शामिल थे।
उप जिलाधिकारी हेमंत वर्मा बताते हैं कि खनन करने वाले ठेकेदार हीरासिंह बिष्ट का डंपर यूके01सी-0752 सीज कर दिया है। बताया कि इसी ठेकेदार द्वारा रामपुर में पूर्व में भी अवैध खनन किया गया था जिसमें दो लाख नौ हजार की पेनाल्टी की जा चुकी है।
इसके बावजूद फिर खनन करना ठीक नहीं है। इस मामले में सख्त कार्रवाई करने के साथ ही पूरे क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसमें किसी को नहीं बख्शा जाएगा।