चौखुटिया(अल्मोड़ा)। अल्मोड़ा जिले के 30 बैडों वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया को 50 बैडों के उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत किया गया है। भवन निर्माण का दायित्व उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन परिषद को सौंपा गया है।
उत्तराखंड शासन के चिकित्सा शिक्षा के उप सचिव जसविंदर कौर ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। नए अस्पताल भवन में पूर्ण सुसज्जित ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, गर्भवती महिलाओं के लिए अतिरिक्त मातृत्व ओटी, नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए एसएनसीयू, सीटी स्कैन और आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाओं से युक्त चिकित्सा इकाई का निर्माण किया जाएगा। मानव संसाधन की व्यवस्था हेतु वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है।
वर्तमान में अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ और स्त्री रोग विशेषज्ञ रोटेशन के आधार पर सप्ताह में तीन से चार दिन सेवाएं दे रहे हैं। आंदोलनकारियों की मांगों पर विचार करते हुए शासन ने निर्णय लिया है कि विशेषज्ञ चिकित्सकों और तकनीकी स्टाफ की नियुक्ति सहित सभी मांगों पर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी। छह माह के भीतर कार्य की प्रगति धरातल पर दिखाई देने की बात सुनिश्चित की गई है।