बागेश्वर। चारधाम यात्रा शुरू होते ही जिला अस्पताल की व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। आपातकालीन चिकित्सा अधिकारियों को यात्रा ड्यूटी पर भेजे जाने से इमरजेंसी सेवाओं के संचालन में भारी दिक्कतें आ रही हैं।
अब तक एक आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी को रिलीव किया जा चुका है जबकि दो अन्य डॉक्टर भी जल्द ही यात्रा ड्यूटी पर जाने की तैयारी में हैं। अस्पताल पहले से ही चिकित्सकों की कमी से जूझ रहा है।
डॉक्टरों की संख्या कम होने से इमरजेंसी सेवाएं सीधे तौर पर प्रभावित हो रही हैं। वर्तमान में तैनात डॉक्टरों पर काम का बोझ बढ़ गया है जिससे मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। रात के समय होने वाली इमरजेंसी के दौरान स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई है। चिकित्सकों की कमी का असर ओपीडी और गंभीर मरीजों की देखभाल पर भी पड़ रहा है।
..............
शासन के निर्देशानुसार एक ईएमओ को चारधाम ड्यूटी के लिए रिलीव कर दिया गया है। जल्द ही दो और चिकित्सक ड्यूटी के लिए रवाना होंगे। अस्पताल में पहले से ही डॉक्टरों की कमी है ऐसे में यात्रा ड्यूटी से इमरजेंसी के सुचारु संचालन में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। उपलब्ध संसाधनों में बेहतर सेवाएं देने का प्रयास किया जा रहा है।
-डॉ. राजीव उपाध्याय, प्रभारी सीएमएस, जिला अस्पताल बागेश्वर