अल्मोड़ा। मौसम में उतार चढ़ाव से लोग फीवर और संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। अस्पतालों में इन बीमारियों के मरीज उपचार को पहुंच रहे हैं।
पिछले एक सप्ताह से मौसम लगातार बदल रहा है। कभी धूप तो कभी बारिश की वजह से लोग फीवर और संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। पिछले एक सप्ताह में कभी बारिश तो कभी तेज धूप निकलने के बाद होने वाली उमस भरी गर्मी में लोग वायरल बुखार, जुकाम आदि की चपेट में आने लगे हैं। खासकर छोटे बच्चे इसकी चपेट में अधिक आ रहे हैं।
जरा सी चूक से बदलते मौसम में कई तरह के संक्रमण फैल सकते हैं। इसमें त्वचा रोग होने का खतरा बना रहता है। चिकित्सकों ने लोगों को सेहत का ख्याल रखने की सलाह दी है। खास कर खान पान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
जिला अस्पताल के फिजिशियन, डाॅ. हरीश आर्या ने बताया कि मौसम बदलने से वायरल फीवर के अलावा त्वचा रोग होने की संभावना रहती है। साथ ही संक्रमण भी फैलते हैं। इनसे बचाव के लिए साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखने की जरूरत है।