दन्या/अल्मोड़ा। जिले के सेली गांव में हुए हत्याकांड में चौकाने वाला खुलासा हुआ है। चंद्रशेखर की हत्या उसके अपनों ने ही की थी। मामले में पुलिस ने चंद्रशेखर पांडे की पत्नी, उसकी बेटी और दामाद के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है।
नारायण दत्त पांडे निवासी सेली, पोस्ट तापनी थाना दन्या ने बीते देर रात तहरीर दी। उन्होंने कहा कि उनकी पोती जानकी पांडे की शादी 19 अप्रैल 2026 को धर्मवीर शर्मा निवासी ग्राम-शेजपुरा, थाना-हांसी सदर, जिला-हांसी, हरियाणा के साथ हुई थी।
नारायण दत्त पांडे ने कहा कि उनका बेटा चंद्रशेखर पांडे अपनी पत्नी खष्टी देवी के साथ नशे में मारपीट करता था। बहु खष्टी देवी रोज यह लड़ाई की बात अपनी बेटी और दामाद को बताती थी जिस कारण कुछ दिन पहले भी दामाद ने उनके बेटे को मारने की धमकी दी।
20 जून की रात्रि दामाद धर्मवीर और पोती जानकी हरियाणा से एकराय होकर सेली गांव के तोक शौधार में आए। रात में ही दामाद और पोती ने बहु खष्टी के साथ मिलकर उनके बेटे चंद्रशेखर (40) के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में बड़ी दराती से हमला कर दिया जिससे वह घायल हो गया।
इसकी सूचना ग्राम प्रधान कैलाश पांडे ने उन्हें दी। घायल को ग्राम प्रधान और अन्य गांव के लोग धौलादेवी अस्पताल ले गए जिसकी गंभीर स्थिति देखते हुए उसे हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मृतक चंद्रशेखर पांडे की पत्नी, उसके दामाद और बेटी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।