चेन झपटने वाला पुलिस गिरफ्त में।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने एक माह पूर्व हुए बहुचर्चित चेन स्नेचिंग मामले का खुलासा करने का दावा किया है। मामले में लिप्त काठगोदाम सुल्तान नगरी निवासी एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर निकटवर्ती जंगल में छिपाया गया मंगलसूत्र भी बरामद कर हो गया है। पुलिस ने आरोपी को यहां थापा स्टेट के समीप से दबोचा।
बीते 19 अगस्त को हॉफमून लाइन निवासी मोहनी बिष्ट पत्नी किशन सिंह ताड़ीखेत से ड्यूटी कर घर को लौट रही थीं। इसी बीच रानीखेत आशियाना पार्क के पास से एक युवक ने मोहनी बिष्ट के गले से मंगलसूत्र छीना और स्प्रिंग फील्ड के जंगल की तरफ भाग गया। मोहनी बिष्ट के पति किशन सिंह ने यहां कोतवाली पुलिस में मामला दर्ज कराया था। छीनाझपटी में मंगलसूत्र के कुछ दाने जमीन पर गिर गए थे। कोतवाल एससी जोशी ने बताया कि तब से पुलिस लगातार मामले में गंभीरता से कार्य कर रही थी, सीसीटीवी फुटेज से भी अभियुक्त की पहचान में काफी मदद मिली। उन्होंने बताया कि मामले में काठगोदाम सुल्तान नगरी निवासी गणेश प्रसाद पुत्र देवेंद्र प्रसाद को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त ने अपना जुर्म भी कुबूल कर लिया है। गणेश की निशानदेही पर मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गौरव जोशी, कांस्टेबल धनी राम, अनिल मनराल और गार्गी रानी शामिल थे।