जीआईसी जौरासी में पहली बार आयोजित वार्षिकोत्सव में प्रस्तुति देते स्कूली बच्चे।
- फोटो : AMAR UJALA
राजकीय इंटर कालेज जौरासी के 71 साल के इतिहास में पहली बार आयोजित वार्षिकोत्सव ‘उमंग’ को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। बूंदाबांदी के बीच लोग समापन तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। इससे पहले विधायक महेश नेगी, सल्ट के विधायक सुरेंद्र जीना ने कार्यक्रम की शुरुआत की।
राजकीय इंटर कालेज जौरासी के वार्षिकोत्सव की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इसी क्रम में गीत, हिमाचली नृत्य, लूंगी डांस और नेपाली डांस आदि कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि विधायक सुरेंद्र जीना और विधायक महेश नेगी ने स्टाफ की कमी के बावजूद शिक्षकों द्वारा शिक्षा के गुणात्मक सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अच्छी शिक्षा के साथ ही अच्छे संस्कारों पर भी जोर दिया।
प्रधानाचार्य रवि शंकर कलौनी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रगति रिपोर्ट पढ़ी। कविता गयाल ने अभिनंदन पत्र और छात्रा किरन ने मांग पत्र पढ़ा। अध्यक्षता स्याल्दे के बीईओ राकेश वर्मा ने और संचालन ललित माजिला और बालम बिष्ट ने किया। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक बीरेंद्र बिष्ट और जिपंस प्रतिनिधि गणेश नायक आदि ने विचार रखे। इस मौके पर एसएमसी अध्यक्ष जगदीश जोशी, मुकेश बंगारी, सुरेंद्र घुघत्याल, हंसा दत्त आदि मौजूद थे। इससे पूर्व दोनों अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मोनू एंड पार्टी ने भी प्रस्तुति दी।
उत्साही शिक्षकों का रहा बड़ा योगदान
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। दो विधानसभा क्षेत्रों के मध्य में स्थित जीआईसी जौरासी की स्थापना 1948 में हुई थी। विद्यालय के उत्साहित शिक्षकों के प्रयासों से 71 साल के इतिहास में पहली बार वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। इसीलिए इसे उमंग नाम भी दिया गया। आयोजकों की भावना और कार्यक्रम की गंभीरता को समझते हुए दोनों क्षेत्रों के विधायकों ने मौसम खराब होने के बावजूद न सिर्फ भागेदारी की बल्कि अंत तक डटे रहे। आयोजन में रवि शंकर कलौनी, बीरेंद्र बिष्ट, ललित माजिला, हिमांशी बिष्ट, कविता गयाल, ममता उप्रेती, बालम बिष्ट शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।