अल्मोड़ा। जिले में सांसद निधि का हिसाब किताब नहीं मिल रहा। न तो सीडीओ के पास निधि के खर्च का ब्योरा है और ना ही जिला ग्राम्य विकास अभिकरण कार्यालय के परियोजना निदेशक और कार्मिकों को इसकी जानकारी है। ऐसे में जनता को कैसे पता चलेगा कि सांसद निधि का पैसा कहां खर्च हुआ।
वित्तीय वर्ष खत्म होने में कुछ ही समय शेष है लेकिन सांसदों ने अपनी सांसद निधि को पूरा खर्च नहीं किया है। सांसद निधि अकाउंट में पड़ी हुई है जबकि पहाड़ को विकास और योजनाओं की कितनी दरकार है ये सभी जानते हैं। अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ सीट से सांसद अजय टम्टा हैं। जनता जानना चाहती है कि सांसद निधि का पैसा कहां और कौन से मद में खर्च हुआ लेकिन इसकी जानकारी खुद विभाग के पास नहीं है।
संवाद न्यूज एजेंसी ने जिला ग्राम्य विकास अभिकरण कार्यालय से सांसद निधि के हिसाब किताब के बारे में जानकारी मांगी। परियोजना निदेशक ने कहा कि कार्यालय स्टाफ से ले लो। कार्यालय कार्मिक ने कहा कि साहब दे पाएंगे। दोनों एक दूसरे से जानकारी प्राप्त कर लेने की बात कहते रहे लेकिन दो सप्ताह से अधिक समय बाद भी दोनों में से किसी ने भी जानकारी नहीं दी। इस संबंध में सीडीओ से भी जानकारी मांगी पर वह भी जानकारी उपलब्ध नहीं करा पाए। अधिकारियों के गैर जिम्मेदाराना रवैये के कारण ये पता नहीं कि सांसद निधि की लाखों की राशि का कितना प्रतिशत पैसा अब तक खर्च हो पाया है और कितना पैसा अकाउंट में पड़ा है।
सांसद निधि के खर्च की जानकारी कार्यालय स्टाफ से मिलेगी। मैंने उनसे कह दिया है वहां से प्राप्त कर लें। -केएन तिवारी, परियोजना कार्यालय जिला ग्राम्य विकास अभिकरण कार्यालय कार्यालय
आज अवकाश है। ऐसे में आज सांसद निधि के हिसाब किताब की जानकारी नहीं मिल पाएगी। सोमवार को उपलब्ध कराई जाएगी। -रामजी शरण शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा