चौखुटिया (अल्मोड़ा)। राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर चित्रेश्वर के पास शुक्रवार रात बैंक कर्मियों की कार में अचानक आग लग गई। श्रीनगर से हल्द्वानी जा रही कार में सवार बैंक कर्मियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे में कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे कार श्रीनगर (गढ़वाल) से हल्द्वानी की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चलते वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। उसमें सवार सभी चार लोग बाहर निकल आए।
इसके कुछ ही देर बाद कार में आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। घटना की सूचना पर पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की और हाईवे पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग भी किया। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में कार जलकर नष्ट हो गई। बताया जा रहा है कि कार एक बैंक कर्मी की थी और उसमें चार लोग सवार थे। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।