सोमेश्वर(अल्मोड़ा)। सोमेश्वर-अल्मोड़ा सड़क पर एक कार के खाई में गिरने से कार सवार बेस अस्पताल में तैनात बागेश्वर निवासी स्पीच थेरेपिस्ट की मौके पर ही मौत हो गई। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक गुरुड़ाबाज में एक साल नई मिसाल के तहत लगने वाले बहुउद्देशीय शिविर में भाग लेने जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक बेस अस्पताल में तैनात गरुड़ बागेश्वर निवासी सुरेश जोशी (50) पुत्र परमानंद जोशी मंगलवार को गुरुड़ाबाज में एक साल नई मिसाल के तहत आयोजित बहुद्देशीय शिविर में भाग लेने मासी से निकले। भगतोला के पास कार अनियंत्रित होकर 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को खाई से निकाला। थानाध्यक्ष सोमेश्वर विजय नेगी ने कहा कि घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं लग सका है। उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी, नारायण राम, जेसी जोशी, एडवोकेट वंदना ने उनकी मौत पर दु:ख व्यक्त किया है।