नगर पालिका के लिए मशाल जुलूस में शामिल लोग। संवाद
रानीखेत (अल्मोड़ा)। छावनी के नागरिक क्षेत्र को रानीखेत छावनी से आजादी दिलाकर नगर पालिका में समायोजित करने की मांग के लिए आंदोलनकारियों ने मंगलवार शाम नगर में मशाल जुलूस निकाला और लोगों से आंदोलन को सहयोग करने की अपील की। कहा कि कैंट से मुक्ति मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने 31 मार्च के बाजार बंद के लिए भी सहयोग मांगा।
इससे पहले गांधी चौक पर 11वें दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रहा। वहां जन गीतों से आंदोलनकारियों में जोश भरा गया। धरना स्थल पर हुई बैठक में रानीखेत विकास संघर्ष समिति समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि नगर पालिका में शामिल किए जाने के बाद ही आंदोलनकारी दम लेंगे। समिति ने महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को नगर पालिका के लिए ज्ञापन सौंपने के लिए एनयूजेआई का आभार जताया।
सुबह एनयूजेआई के पदाधिकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री कोश्यारी को नगर पालिका में शामिल करने के लिए ज्ञापन सौंपा। मशाल जुलूस और धरना कार्यक्रम में व्यापार मंडल पदाधिकारी, सदस्य, छावनी परिषद के निवर्तमान सभासद, रानीखेत के वरिष्ठ नागरिक, होटल एसोसिएशन, पत्रकार संगठन, छात्रसंघ सहित राजनीतिक गैर राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल रहे।