खिरखेत से रानीखेत की तरफ आ रही वैगनआर कार अपराह्न किलकोट के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, दुर्घटना में चालक सहित चार लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार बृृहस्पतिवार अपराह्न वैगनआर कार संख्या डीएल 2सीपी-2594 खिरखेत से रानीखेत की तरफ आ रही थी। खिरखेत से कुछ लोग इस कार में सवार हो गए। इसी बीच किलकोट के पास कार अनियंत्रित होकर 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में चालक वलना गांव निवासी खीमानंद पंत उर्फ खजान पुत्र लोकमणि पंत, पंतकोटली गांव निवासी केवलानंद पंत पुत्र तारा दत्त पंत, वलना निवासी सुरेंद्र सिंह पुत्र खीम सिंह और ऐरोड़ गांव निवासी पान सिंह पुत्र नर सिंह घायल हो गए।
चीख पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके की तरफ दौड़े और राहत कार्यों में जुट गए। स्थानीय लोगों ने बमुश्किल घायलों को खाई से सड़क तक पहुंचाया। यहां से निजी वाहन से चारों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल पान सिंह को हल्द्वानी एसटीएच के लिए रेफर कर दिया गया है। अस्पताल के अधीक्षक डा. डीएस नेई ने बताया कि पान सिंह के सिर पर गंभीर चोटे हैं, बाकी घायल फिलहाल खतरे से बाहर हैं। सूचना के बाद नायब तहसीलदार मोहन भोजक के नेतृत्व में राजस्व टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय नागरिकों के प्रयासों से तत्काल घायलों को राजकीय अस्पताल ले आया गया। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई है वहां से रानीखेत की दूरी पांच किमी है।