घटना स्थल पर लगी लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
खैरना स्टेट हाईवे पर जैनोली के पास कैंटर के नीचे आने से स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। किशोर यहां राजकीय इंटर कालेज जैनोली में दसवीं का छात्र था, दोपहर वह पिलखोली से घर की तरफ जा रहा था। मृतक के परिजनों ने किसी के खिलाफ इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
जानकारी के अनुसार उपराड़ी गांव निवासी लक्षित बिष्ट उर्फ लक्की पुत्र सतीश बिष्ट मंगलवार को पिलखोली कस्बे से सामान खरीदकर दोपहर डेढ़ बजे अपनी स्कूटी संख्या यूके 01-ए-7519 से उपराड़ी की तरफ लौट रहा था, इसी बीच जैनोली के पास खैरना की तरफ से आ रहे कैंटर से जा भिड़ा। बताया गया है कि युवक काफी तेज गति में था और उससे स्कूटी संभल नहीं पाई वह कैंटर से जा भिड़ा और कैंटर के नीचे आ गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उप राजस्व निरीक्षक बची राम आगरी ने बताया कि परिजनों ने मामले में किसी भी तरह की कार्रवाई से इनकार कर दिया है। वह बगैर पोस्टमार्टम कराए ही शव को अपने साथ ले गए। घटना स्थल पर भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए थे।