रानीखेत (अल्मोड़ा)। छावनी परिषद कर्मचारी संघ रानीखेत ने मुख्य अधिशासी अधिकारी छावनी परिषद रानीखेत को ज्ञापन भेजकर मार्च और अप्रैल 2026 का वेतन भुगतान न होने पर नाराजगी जताई है। ज्ञापन में कहा गया है कि छावनी परिषद में कार्यरत ग्रुप सी और ग्रुप डी के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को अब तक दो माह का वेतन नहीं मिला है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संघ अध्यक्ष सावन कुमार और महामंत्री नितिन ढोंढियाल ने बताया कि कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर 04 मई और 18 मई को विभाग को पत्र एवं स्मृति पत्र भेजे गए, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि लगातार उपेक्षा के चलते कर्मचारी आंदोलन को मजबूर हैं। यदि शीघ्र वेतन जारी नहीं किया गया तो 25 मई से कर्मचारी और अधिकारी कार्य बहिष्कार करते हुए परिषद परिसर में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सांकेतिक धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि आंदोलन से उत्पन्न होने वाली किसी भी अव्यवस्था की जिम्मेदारी विभाग और भारत सरकार की होगी।