चौखुटिया (अल्मोड़ा)। विभिन्न मांगों को लेकर ब्लॉक मुख्यालय में अनशन पर बैठे क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने प्रशासन के आश्वासन के बाद अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। खंड विकास अधिकारी की ओर से नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद आंदोलनकारियों ने अनशन खत्म करने का निर्णय लिया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर ब्लॉक मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन और अनशन कर रहे थे। प्रशासन की ओर से जारी पत्र में आश्वस्त किया गया कि उनकी मांग संख्या पांच पर क्षेत्र पंचायत की आगामी कार्ययोजना एवं प्रचलित नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद आंदोलनरत सदस्यों ने अनशन समाप्त कर दिया। आंदोलन के समाप्त होने से प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है। वहीं आंदोलनकारियों ने कहा कि प्रशासन के आश्वासन का सम्मान करते हुए फिलहाल अनशन समाप्त किया गया है, लेकिन यदि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो आगे की रणनीति तय की जाएगी। इस दौरान रेखा देवी, कविता नेगी, पिंकी देवी, आशा देवी, महेश लाल वर्मा, नरेंद्र सिंह, उमाशंकर, भगवत सिंह रावत, हेमलता देवी और हीरा सिंह बिष्ट शामिल रहे।