अल्मोड़ा। जिला बार एसोसिएशन के 10 दिसंबर को होने वाले चुनाव के लिए सोमवार को पांडेखोला स्थित बार भवन में आम सभा हुई। प्रत्याशियों ने लोक लुभावने वायदे किए। प्रत्याशियों ने बार एसोसिएशन में चैंबर बनाने और बार एसोसिएशन भवन का निर्माण पूर्ण कराने का वादा किया।
प्रत्याशियों ने कहा कि यदि एक बार उन्हें मौका मिला तो अधिवक्ताओं का सामूहिक बीमा कराने, ई पुस्तकालय बनाने, वाईफाई लगाने समेत अन्य लंबित मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। सभा को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और निर्विरोध निर्वाचित प्रत्याशियों ने संबोधित किया। चुनाव समिति के मुख्य संयोजक पंकज लटवाल ने बताया कि अध्यक्ष पद पर गजेंद्र सिंह मेहता और कवींद्र पंत, उपाध्यक्ष पद पर हरीश लोहुमी और कुंदन लटवाल के मध्य सीधी टक्कर है। अन्य पदों पर एक-एक प्रत्याशी होने से उनका निर्विरोध चुना जाना तय है।
10 दिसंबर को चुनावी कार्यक्रमानुसार सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान होगा। कुल 305 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके बाद अपराहन तीन बजे से मतगणना की जाएगी। मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस अवसर पर चुनाव समिति के सदस्य अनीता चौधरी, मनोहर भट्ट, एजाज अंसारी, रोहित कार्की, देवाशीष नेगी मौजूद रहे।