चौबटिया में ट्रेनिंग के दौरान शस्त्रों के बारे में जानकारी लेते एनसीसी कैडेट्स। अमर उजाला
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। आर्मी अटैचमेंट शिविर के तहत एनसीसी कैडेटों को यहां चौबटिया स्थित 15 गढ़वाल राइफल में प्रशिक्षण शिविर जारी है। कैडेट्स जहां ड्रिल का अभ्यास कर रहे हैं, वहीं उन्हें युद्ध के दौरान होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी जा रही है। शिला रोहण के अलावा चट्टानों में छिपे दुश्मन को ढूंढ निकालने के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।
कैडेट्स को ड्रिल प्रदर्शन के साथ युद्ध की स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह शिविर 29 सितंबर तक चलेगा। कमान अधिकारी कर्नल एसवी चेरियन (शौर्य चक्र) ने कैडेट्स को युद्ध काल के दौरान प्रयोग होने वाली विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया। विभिन्न हथियारों और एलएमजी, एमएमजी के बारे में भी जानकारी दी गई।
ड्रिल के अलावा फायरिंग का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। उप कमान अधिकारी ले. कर्नल बीएस भाकुनी ने कैडेट्स को देश की सेवा के लिए सेना का अभिन्न अंग बनने की प्रेरणा दी। एनसीसी अधिकारी कैप्टन प्रभात द्वितीय ने 15 दिवसीय कैंप के बारे में विस्तृत जानकारी दी। शिविर को सूबेदार कुलवीर सिंह भंडारी, हवालदार ललित सिंह, नायब सूबेदार गजेंद्र सिंह, सूबेदार महेंद्र सिंह रावत, कंपनी हवलदार मेजर जोगेंद्र सिंह आदि भी सहयोग कर रहे हैं। ले. शिवराज सिंह भी विशेष सहयोग दे रहे हैं।