अल्मोड़ा। एसएसजे विश्वविद्यालय के योग विज्ञान विभाग और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (इंटर यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर यौगिक साइंस) की ओर से अंतरराष्ट्रीय योग वेबिनार हुआ। समापन पर गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय हरिद्वार के कुलाधिपति और सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह और केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव कुुमार बालियान ने बतौर मुख्य अतिथि व्याख्यान दिए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री बागपत के सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा कि योग को अपने व्यावहारिक जीवन और दैनिक दिनचर्या में अपनाकर हम स्वयं को और समाज को स्वस्थ रख सकते हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. बालियान ने योग विज्ञान विभाग के कार्यों की सराहना कर सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई दी। विशिष्ट अतिथि और इंटर यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर यौगिक साइंस के प्रो. अविनाश चंद्र पांडेय ने कहा कि योग विज्ञान विभाग समाज के लिए निरंतर अपना योगदान देता रहता है। विशिष्ट अतिथि पूर्व कुलपति प्रो. एचएस धामी ने अष्टांग योग के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, आर्थिक पक्ष को उजागर किया।
एसएसजे विवि के कुलपति प्रो. नरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि अल्मोड़ा स्वामी विवेकानंद की तपोस्थली रही है। नगर योग और वैदिक साहित्य के केंद्र के रूप में विकसित हो यह स्वामी जी का सपना था। हमारा प्रयास होगा कि विश्वविद्यालय के योग विज्ञान विभाग को योग और वैदिक साहित्य के केंद्र में विकसित किया जाए। उन्होंने बताया कि शीघ्र योग विभाग अनेक नए प्रमाणपत्र और डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी संचालित करेगा। समापन पर योग विभाग के विभागाध्यक्ष और कार्यक्रम संयोजक डॉ. नवीन चंद्र भट्ट ने अतिथियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय वेबिनार में चीन, नेपाल, सिंगापुर, न्यूजीलैंड, अमेरिका आदि देशों के 36 से अधिक विशेषज्ञों के साथ ही करीब 1775 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। रजनीश जोशी ने संचालन किया।