कुमाऊं की लोक संस्कृति पर आधारित गीतों ने मुंबई के कौतिक मेले में धूम मचा दी। लोक गायक ललित मोहन जोशी ने टक टकाटक कमला बाटुली लगाए सहित अन्य गीत प्रस्तुत किए। लोकगायक पप्पू कार्की ने भी शानदार प्रस्तुति देकर लोगों को झूमने पर विवश कर दिया। इस पांच दिवसीय मेले का आयोजन कौतिक संस्था की तरफ से किया गया था। कार्यक्रम में फिल्म से जुड़ी हस्तियों ने भी शिरकत की। इससे पहले कौतिक का उद्घाटन उत्तराखंड के कृषि मंत्री हरक सिंह रावत ने किया।
आयोजन समिति के दिनेश कुमार ने बताया कि मुंबई में उत्तराखंड प्रवासियों ने कौतिक संस्था बनाई है। यह संस्था उत्तराखंड में भी कार्यक्रम प्रस्तुत करती है। इस बार मुंबई में 22 जनवरी से 26 जनवरी तक कौतिक मेला हुआ। जिसमें उत्तराखंड के लोक गायक ललित मोहन जोशी, पप्पू कार्की, जितेंद्र ठोमकियाल सहित तमाम विद्यालयों के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मोना भट्ट, संगीता डोनियाल आदि गायक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इससे पहले उद्घाटन करते हुए कृषि मंत्री हरक सिंह ने संस्था के प्रयासों की सराहना की। विशिष्ट अतिथि अनमोल डेवलपर्स के स्वामी माधवानंद थे। कार्यक्रम में पिथौरागढ़ के छोलिया कलाकारों ने भी शिरकत की। हल्द्वानी से राजेश जोशी एंड पार्टी ने भी प्रस्तुति दी। बालीवुड अभिनेता हेमंत पांडे, हिमानी शिवपुरी, विजेंद्र काला, गोविंद पांडे आदि ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।