कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र ने नेशनल और स्टेट स्तर पर अव्वल 11 से 15 वर्ष आयु के खिलाड़ियों को ब्वाइज स्पोर्ट्स कंपनी में भर्ती करने का निर्णय लिया है। ब्वाइज कंपनी में भर्ती होने के बाद इन खिलाड़ियों के लिए सेना में जाना आसान होगा। कुमाऊं में यह प्रक्रिया 25 फरवरी से शुरू होगी। 27 फरवरी को अल्मोड़ा स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों का चयन होगा।
25 फरवरी को बागेश्वर के डिग्री कॉलेज खेल मैदान में, 27 फरवरी को अल्मोड़ा में, एक मार्च को पिथौरागढ़ के स्पोर्ट्स स्टेडियम में, तीन मार्च को धारचूला के आर्मी मैदान में, छह मार्च को चंपावत के स्पोर्ट्स स्टेडियम में, आठ मार्च को टनकपुर खेल मैदान में, 11, 12 मार्च को हल्द्वानी स्पोर्ट्स स्टेडियम में चयन प्रक्रिया होगी। इस भर्ती में मुक्केबाजी, ताइक्वांडो में राष्ट्रीय, राज्य स्तर पर पहले, दूसरे, तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को वरीयता दी जाएगी।
शारीरिक, खेलों में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले किशोरों का भी चयन होगा। कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र के जीएसओ-1 प्रशिक्षण लेफ्टिनेंट कर्नल जी राममोहन ने बताया कि प्रक्रिया सुबह नौ बजे से शुरू होगी। जन्म प्रमाणपत्र, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, खेल प्रमाण पत्र समेत दो फोटो पासपोर्ट साइज की साथ लानी होंगी। ब्वाइज कंपनी में भर्ती होने के बाद इन खिलाड़ियों को सेना में जाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।