आर्य कन्या इंटर कालेज अल्मोड़ा में प्रवक्ताओं की नियुक्ति में धांधली का आरोप लगाते हुए बसपा नगर कार्यकारिणी के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलक्ट्रेट में धरना दिया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समिति के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया।
धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने आर्य कन्या इंटर कालेज अल्मोड़ा में प्रवक्ताओं की नियुक्ति में धांधली का आरोप लगाया। बसपा नेता शेखर लखचौरा ने कहा कि आर्य कन्या इंटर कालेज प्रबंधन समिति ने अपने व्यक्तिगत स्वार्थों की पूर्ति के लिए प्रवक्ता पदों पर नियुक्ति की।
अब प्रबंधन समिति इसे समायोजन का नाम देकर शिक्षित बेरोजगारों को गुमराह कर रही है। बसपा नगर अध्यक्ष संजय साह रिक्खू ने आरोप लगाया कि मानकों को ताक में रखकर अपने चहेतों को नियुक्ति दी गई है। उन्होंने कहा कि मुख्य शिक्षाधिकारी दस से कम छात्र संख्या वाले स्कूलों को बंद करने की बात कह रहे हैं। जबकि आर्य कन्या इंटर कालेज में दस विषयों में दस से भी कम छात्र संख्या है, लेकिन वहां प्रवक्ता की नियुक्ति के आदेश दे दिए हैं। इसकी जांच होनी चाहिए।
बसपा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष चंदन लाल ने आरोप लगाया कि आर्य कन्या इंटर कालेज में प्रवक्ताओं की नियुक्ति में नियमों की अवहेलना की गई है। धरने पर शेखर लखचौरा, नगर अध्यक्ष संजय साह रिक्खू, महेश चंद्र, यशपाल आर्य, प्रो. संजय टम्टा, भुवन चंद्र, जसवंत कुमार, गिरधारी लाल, अमित, श्याम लाल, हीरा लाल, रफीक अहमद, शंकर लाल, संदीप कुमार, पवन कुमार, अशोक कुमार, नरेश शिल्पकार, अरुन कुमार, संतोष कुमार, केवल प्रसाद आदि बैठे।