बागेश्वर। कपकोट तहसील क्षेत्र में तीन दिन से बीएसएनएल सेवा ठप है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के मोबाइल शोपीस बने हैं। इंटरनेट ठप होने से विभागीय कामकाज भी प्रभावित हो गया है। लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को कपकोट तहसील क्षेत्र के हरसीला से आगे की बीएसएनएल संचार सेवा बाधित हो गई थी। कपकोट नगर पंचायत समेत क्षेत्र के सभी गांवों में बीएसएनएल के टावर काम नहीं कर रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता महिमन सिंह कपकोटी ने बताया कि इन दिनों क्षेत्र में जगह-जगह धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। लोग अपने परिचितों को मेले में आमंत्रित करने के लिए फोन पर निर्भर रहते हैं, लेकिन बीएसएनएल सेवा बाधित होने से उन्हें दिक्कत हो रही है। कपकोट, भराड़ी से लेकर बदियाकोट, किलपारा तक स्थिति एक समान है। सरकारी कार्यालयों के कामकाज से लेकर ऑनलाइन कारोबारियों के कार्य तक असर पड़ रहा है। बीएसएनएल के डीई आशीष निगम ने बताया कि झटक्वाली से हरसीला के बीच मलबा आने से फाइबर केबल को नुकसान हुआ है। टीम लाइन की मरम्मत कर रही है। जल्द संचार सुविधा बहाल कर दी जाएगी।