बागेश्वर में एसडीओ लोहनी का घेराव करते व्यापारी।
- फोटो : AMAR UJALA
शहर में बीएसएनएल की संचार सेवा चरमराने से गुस्साए व्यापारियों ने अधिकारियों का घेराव किया। चेतावनी दी कि यदि इंटरनेट सेवा सुचारु नहीं हुई तो बीएसएनएल के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
शहर में बीएसएनएल की संचार सेवा पटरी पर आने का नाम नहीं ले रही है। बृहस्पतिवार को भी यहां संचार सेवा ठप रही। जिससे हजारों उपभोक्ताओं के मोबाइल शोपीस बने रहे। वहीं कंप्यूटरों पर भी इंटरनेट संबंधी काम नहीं हो पाए। इससे गुस्साए व्यापारी, साइबर कैफे वाले तहसील रोड स्थित बीएसएनएल दफ्तर पहुंचे।
उन्होंने एसडीओ सीएस लोहनी का घेराव किया। उन्होंने कहा कि इस समय आवेदन फार्म भरने का समय है ऐसे में इंटरनेट ठप होने से काम नहीं हो पा रहा है। वहीं फोन नहीं चलने से कारोबार प्रभावित रहा है। चेतावनी दी कि यदि जल्द सेवाएं चालू नहीं हुई तो बीएसएनएल के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। घेराव करने वालों में धीरज कोरंगा, नरेश उप्रेती, हरीश सिंह, पूरन चंद्र, शंकर दत्त, पान सिंह आदि शामिल थे।