अल्मोड़ा में बीते सोमवार की देर रात भतरौंजखान और देघाट थानों की पुलिस ने गांजे की बड़ी खेप पकड़ी। रात में तस्करी से गांजा पार लगा रहे छह तस्करों को दबोचा है। इन तस्करों के कब्जे से कुल 36.692 किलो गांजा बरामद हुआ है। देघाट में पकड़े गए गांजा तस्करों का सरगना ऊधमसिंह नगर से बीएससी नर्सिंग कर रहा है। उसके खिलाफ कई धाराओं में मामले दर्ज हैं।
नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाने के एसएसपी देवेंद्र पींचा के निर्देशों के चलते पुलिस लगातार नशा तस्करों पर निगाह रखे हुए है। जिले के थाना देघाट अंतर्गत थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बीती सोमवार रात को सुरमोली तिराहे के करीब 300 मीटर दूर घुगुती रोड पर टाटा नेक्सॉन कार (डीएल 14 सीजे 1385) से तीन तस्करों के कब्जे से तीन कट्टों में कुल 29.986 किलो गांजा बरामद किया। तीनों तस्करों कमल सिंह निवासी ग्राम सरकथल, थाना बादली टांडा, जनपद रामपुर, दीपक कुमार निवासी ग्राम चकर गांव, थाना सल्ट, जिला अल्मोड़ा, हिमांशु रावत उर्फ मकाऊ निवासी ग्राम चित्रकूट कॉलोनी, थाना रामनगर, जिला नैनीताल को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ थाना देघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत ने बताया कि ये लोग गांजा सराईखेत से लाकर रामनगर ले जा रहे थे।
गांजे के बारे में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि गांजा तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज कर लिया है और आरोपियों को न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेज दिया है। दूसरा मामला थाना भतरौंजखान के अंतर्गत का है। बीती रात भतरौंजखान के थानाध्यक्ष सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान बासोट भिकियासैंण रोड पर इंडिका कार (यूपी 62एई 6599) में सवार तीन तस्करों के कब्जे से कुल 6.71 किलो गांजा बरामद किया।
तीनों आरोपियों रिजवान कुरैशी निवासी ब्लाक रोड टंकी चौराहा, रामनगर, जिला नैनीताल, मो. अबुजर निवासी ब्लॉक रोड खताड़ी, बड़ी मस्जिद, रामनगर, जिला नैनीताल और मो. परवेज निवासी कार्बेट नगर कॉलोनी ग्राम पुछड़ी, थाना रामनगर, जिला नैनीताल को गिरफ्तार करते हुए उनके खिलाफ थाना भतरौंजखान में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत एफआईआर पंजीकृत कर वाहन सीज किया गया। थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।