एसएसपी केएस नगन्याल ने थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों के अंतर्गत बाहरी व्यक्तियों के शत प्रतिशत सत्यापन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के निराकरण को प्रभावी कदम उठाएं। एसएसपी पुलिस लाइन में अधिकारियों की बैठक ले रहे थे।
उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रा, पर्यटन सीजन को देखते हुए ओवर लोडिंग और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण को वाहनों की चेकिंग पर विशेष ध्यान दें। अपराध, शराब, मादक पदार्थों की तस्करी रोकने को वाहनों, होटल, ढाबों की चेकिंग करें। बैंकों और एटीएम की सुरक्षा के भी निर्देश दिए। उन्होंने थानाध्यक्षों से अपने-अपने क्षेत्र के अंतर्गत निवास कर रहे बाहरी क्षेत्रों के नौकरों, किराएदारों, फड़ फेरी, श्रमिकों आदि का अनिवार्य रूप से सत्यापन करने को कहा। एसएसपी ने कहा कि थाना प्रभारी रमजान को दृष्टिगत रखते हुए शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने को कदम उठाएं।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों, ओवर लोडिंग, दोेपहिया में तीन सवारी बैठाने, बिना हेल्मेट, बिना डीएल वाहन चलाने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाएं। अग्निशमन अधिकारी और थाना प्रभारी आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित करें और बचाव राहत उपकरणों को दुरुस्त रखें। नकबजनी, चोरी की घटनाएं रोकने को रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग और पिकेटिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में डीएसपी अल्मोड़ा अब्बल सिंह रावत, रानीखेत रायमन सिंह नबियाल, कोतवाल अल्मोड़ा पीएल वर्मा, रानीखेत संजय गर्ब्याल, निरीक्षक अभिसूचना इकाई संतोष बगडवाल, एसपी वाचक ठाकुर सिंह अधिकारी आदि ने भाग लिया। बाद में एसएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनी।