बीएसएनएल की थ्री जी सेवा पूरे तहसील क्षेत्र में तीन दिन से ठप है। वहीं संचार व्यवस्था भी चरमरा गई है। उधर, लाहुर और गोमती घाटी में संचार व्यवस्था पूर्ण रूप से ठप होने से घाटी के उपभोक्ता फोन करने 20 किमी दूर गरुड़ आने को मजबूर हैं।
बीएसएनएल की थ्री जी सेवा गरुड़ तहसील में चार माह पूर्व शुरू हुई थी। इधर, तीन दिन पहले तूफान आने के बाद गरुड़ क्षेत्र में थ्री जी सेवा ठप हो गई है। जिससे उपभोक्ताओं को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, लाहुर और गोमती घाटी में बीएसएनएल की संचार सेवा ठप है। घाटी के उपभोक्ताओं को फोन करने 20 किमी दूर गरुड़ आना पड़ रहा है। जखेड़ा के प्रधान ईश्वर परिहार, नैकाना की प्रेमा परिहार, सुराग के रघुवीर सिंह, छानीसेरा के क्षेपं सदस्य आनंद परिहार, बलवंत सिंह परिहार, डीके जोशी ने बताया कि लाहुरघाटी के संचार सेवा दुरुस्त करने के संबंध में कई बार विभाग के आला अधिकारियों को अवगत करा दिया है, लेकिन अब तक विभगीय अधिकारियों ने व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। बीएसएनएल के एसडीओ फराज खान ने बताया कि थ्री जी सेवा ठीक करने का काम चल रहा है, जल्द ही सेेवा दुरुस्त कर दी जाएगी।
आपदा की दृष्टि से अति संवेदनशील है लाहुरघाटी
जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र परिहार ने बताया कि लाहुरघाटी भूस्खलन और आपदा की दृष्टि से पहले से अति संवेदनशील है। उन्होंने बीएसएनएल के आला अधिकारियों से घाटी की संचार व्यवस्था शीघ्र दुरुस्त करने को कहा है। जिपं के उपाध्यक्ष ने जिला पूर्ति अधिकारी से बारिश के सीजन के मद्देनजर घाटी के सस्ते गल्ले की दुकानों में तीन माह का अग्रिम राशन भेजने को कहा है।