अल्मोड़ा । जिला पंचायत सभागार अल्मोड़ा में उत्तरांचल उत्थान परिषद की ओर से युवा पंचायत जनप्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका, उनके दायित्वों और ग्रामीण विकास में उनकी भागीदारी को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रांत सेवा प्रमुख पवन कुमार ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की भूमिका केवल विकास योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को दिशा देने, सामाजिक समरसता स्थापित करने और सभी वर्गों को साथ लेकर गांवों को आत्मनिर्भर बनाने में भी उनकी अहम जिम्मेदारी है। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-प्रांत प्रचारक चंद्रशेखर ने पंचायत प्रतिनिधियों से पलायन रोकने, परिवारों को एकजुट रखने, स्थानीय रोजगार व स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा युवाओं को विकास कार्यों से जोड़ने का आह्वान किया। विभाग प्रचारक कमल ने ग्रामीण विकास में जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर जोर दिया। अवसर पर कार्यक्रम संयोजक दीपक कन्नू शाह, सह-संयोजक प्रेम लटवाल, जिला प्रचारक वीरेंद्र, जिलाध्यक्ष महेश नयाल, ब्लॉक प्रमुख नीमा आर्या, लमगड़ा ब्लॉक प्रमुख त्रिलोक रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।