रानीखेत में पत्रकारों से मुखातिब कांग्रेस विधानमंडल दल के उपनेता करन माहरा।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस विधान मंडल दल के उपनेता और क्षेत्रीय विधायक करन माहरा ने कहा है कि भाजपा सरकार किसानों के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि कर्ज और तमाम दुश्वारियों के कारण एक तरफ किसान आत्महत्या करने को विवश हो रहे हैं, वहीं भाजपा के बड़े नेता किसानों के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर उनका उपहास उड़ा रहे हैं। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है, तराई बीज निगम और भाटी आयोग जैसे मुद्दों के बाद सदन में कई और बड़े घोटालों का पर्दाफाश किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में माहरा ने कहा कि भाजपा ने अपने दृष्टि पत्र में किसानों का ऋण माफ करने, कृषि को बढ़ावा देने के लिए ब्याज मुक्त ऋण देने की बात कही थी, लेकिन सत्ता में आते ही वह किसानों का दर्द भूल गई है। कर्ज के बोझ तले दबे किसान सरकार की नाकामी के चलते ही आत्महत्या करने को विवश हो रहे हैं। लेकिन सरकार किसानों के प्रति गंभीर नहीं है। कहा कि पूर्ववर्ती हरीश रावत सरकार ने खेती किसानी को बढ़ावा देने का काम किया था।
उन्होंने कहा कि आगामी विस सत्र में किसानों के मुद्दे को लेकर सरकार को कांग्रेस घेरेगी। माहरा ने कहा कि टीडीसी मुद्दे को उन्होंने सदन में उठाया, वहां कई बड़े लोगों की गर्दन भ्रष्टाचार में फंसने वाली है। ऐसे ही मुद्दे और उठाए जाएंगे। भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए कांग्रेस एकजुटता से कार्य कर रही है।
आपदा को लेकर भी गंभीर नहीं सरकार
विधान मंडल दल के उपनेता करन माहरा ने सरकार की आपदा प्रबंधन की भी पोल खोली। कहा कि आपदा को लेकर सरकार ने कोई भी तैयारी नहीं की है। सड़कें बंद हो रही हैं, लोग मौत के मुंह में समा रहे हैं, लेकिन सरकार गंभीर नहीं है। प्रशासनिक अधिकारियों के पास पर्याप्त बजट नहीं है। कांग्रेस ने आपदा प्रबंधन के लिए कमीश्नर, डीएम, एसडीएम और तहसीलदार तक को धन मुहैया कराया था, लेकिन वर्तमान सरकार ने इस तरह के उपाय तक नहीं किए हैं।