द्वाराहाट विधायक मदन बिष्ट ने कथित स्टिंग मामले में अपनी बात सामने रखी है। विधायक ने कहा कि भाजपाई पिछले कुछ दिनों से लगातार उन्हें फ्लोर टेस्ट में सरकार के खिलाफ वोटिंग करने के लिए प्रेरित कर रहे थे। इसके लिए उन्हें 15 करोड़ रुपये का लालच भी दिया गया।
उनके अलावा कई अन्य कांग्रेसी विधायकों को भी करोड़ों रुपये का लालच दिया जा रहा है, जो उनकी बात नहीं मान रहे उन्हें धोखे से झूठे स्टिंग के माध्यम से ब्लैकमेल किया जा रहा है। विधायक बिष्ट ने कहा कि मैं कांग्रेस का साथ नहीं छोड़ूंगा। विधायक बिष्ट ने कहा कि भाजपा बागी विधायकों को साथ लेकर कांग्रेसी विधायकों की खरीद फरोख्त में लगी हुई है।
हर जगह से मुंह की खाने के बाद भाजपाई धोखे से स्टिंग कर ब्लैकमेल पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि स्टिंग करने वालों के खिलाफ उन्होंने देहरादून में पुलिस में तहरीर दी है। वहीं सोमेश्वर की विधायक रेखा आर्या को लेकर विधायक बिष्ट ने कहा कि वह कांग्रेस की कर्मठ कार्यकत्री हैं, अफवाहें उड़ाने से कुछ नहीं होगा।