अल्मोड़ा में पत्रकारों से वार्ता करते कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का कहना है कि जिला विकास प्राधिकरण का कांग्रेस विरोध करती रही है और अब जरूरत पड़ी तो इस मामले को न्यायालय में ले जाया जाएगा। रविवार को मीडिया से मुखातिब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) के गठन से आम लोगों की परेशानी बढ़ी है। कांग्रेस ने इसके खिलाफ संघर्ष भी किया। विधानसभा में भी यह मुद्दा उठाया, लेकिन सरकार नहीं मानी। उन्होंने कहा कि आगामी सत्र में भी इस मुद्दे को रखा जाएगा। जरूरत पड़ेगी तो कांग्रेस न्यायालय की शरण भी लेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार को साढ़े चार साल और राज्य की सरकार को पौने दो साल होने को हैं, लेकिन डबल इंजन अब तक स्टार्ट नहीं हुआ है। अच्छे दिन अब तक नहीं आए हैं। महंगाई चरम पर पहुंच गई है। सस्ते गल्ले की दुकानों से राशन के साथ ही मिट्टी का तेल गायब है। किसान और व्यापारी आत्महत्या को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं।
मोदी सरकार ने दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वायदा किया था और किसानों के ऋण माफ करने की घोषणा की थी। इस पर अमल नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी अल्मोड़ा पहुंचेंगे।
रात के अंधेरे में निर्णय ले रहे मोदी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रात के अंधेरे में निर्णय ले रहे हैं। नोटबंदी, जीएसटी लागू करने और सीबीआई निदेशक को हटाने के फैसले रात के अंधेरे में लिए गए। चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को दिन में निर्णय लेने चाहिए। उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को दो बैलों की जोड़ी की संज्ञा दी।