ताड़ीखेत में तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करते केंद्रीय राजयमंत्री अजय टम्टा एवं विधायक डा. प्रमोद
रानीखेत (अल्मोड़ा)। भाजपा ने बृहस्पतिवार को ताड़ीखेत में सेना के शौर्य और पराक्रम के सम्मान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा और रानीखेत के विधायक डाॅ. प्रमोद नैनवाल की अगुवाई में निकली इस यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं समेत बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भी यात्रा में हिस्सा लिया। इस बीच भारत माता के जयकारे लगे और माहौल में राष्ट्रभक्ति की बयार बही।
इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि हमारी सेना ने हर चुनौती का डटकर सामना किया है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा हमारे वीर सैनिकों के सम्मान और राष्ट्र के प्रति हमारी एकजुटता का प्रतीक है और इससे युवा पीढ़ी को सेना से प्रेरणा लेनी चाहिए। विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि देशभक्ति केवल शब्दों में नहीं, बल्कि कर्मों में होनी चाहिए। तिरंगा यात्रा जैसे आयोजनों के माध्यम से हम अपने युवाओं में राष्ट्रीय चेतना को जाग्रत कर सकते हैं।
तिरंगा यात्रा के दौरान स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंग-बिरंगे परिधान और हाथों में तिरंगा लेकर मार्च किया, जिससे माहौल पूरी तरह देशभक्ति में रंग गया। आयोजकों ने यात्रा को सफल बनाने में सभी स्थानीय निवासियों और प्रतिभागियों का आभार प्रकट किया। यात्रा में भाजपा के जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, मुकेश पांडेय, मोहन नेगी, विमल भट्ट, सुरेश फर्त्याल, दिनेश घुघत्याल, चन्दन भगत, दर्शन महरा, रमेश खनायत, प्रदीप बिष्ट आदि मौजूद रहे।