निरीक्षण के दौरान कक्षाओं की व्यवस्था देखते एडी गजेंद्र सौन। संवाद
रानीखेत (अल्मोड़ा)। कुमाऊं मंडल अपर निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) गजेंद्र सिंह सौन ने बृहस्पतिवार को ताड़ीखेत स्थित राजकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जीजीआईसी ताड़ीखेत में लंबे समय से गैरहाजिर चल रहे कनिष्ठ सहायक के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
अपर निदेशक सौन ने राजकीय इंटर कॉलेज ताड़ीखेत में मात्र 79 छात्र अध्ययनरत पाए। इनमें 18 नए बच्चे हैं, जिन्होंने इस बार प्रवेश लिया है। उन्होंने विद्यालय में छात्र संख्या में लगातार गिरावट को गंभीर बताया और प्रधानाचार्य लक्ष्मण सिंह परगाई से शिक्षण समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर सुधार के लिए ठोस प्रयासों के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ताड़ीखेत का निरीक्षण किया, जहां 98 छात्राएं नामांकित हैं और विद्यालय में 15 शिक्षक कार्यरत हैं। उन्होंने प्रधानाचार्य पुष्पलता आर्य को निर्देश दिए कि छात्राओं की शैक्षिक प्रगति के लिए ठोस प्रयास किए जाएं। साथ ही कहा कि शैक्षिक प्रगति के लिए शिक्षकों को अधिक मेहनत करनी होगी। एडी ने कक्षाओं में जाकर व्यवस्थाएं देखीं। निरीक्षण में वरिष्ठ वैयक्तिक अधिकारी जगमोहन रौतेला आदि मौजूद रहे।