द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। क्षेत्रीय विधायक मदन बिष्ट ने यहां सुभाष चंद्र बोस मॉडर्न पब्लिक स्कूल में शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने इंजीनियरिंग कॉलेज के दैनिक वेतनभोगी, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। ग्रामीणों की पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क संबंधी कई समस्याओं का मौके पर निराकरण भी कराया।
जनता दरबार में ग्रामीणों ने विधायक मदन बिष्ट का ढोल, नगाड़ों के साथ स्वागत किया। विधायक ने कहा कि वह क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयासरत हैं। बताया कि बग्वालीपोखर-डाना-मिरई-पूर्णियां सड़क की सर्वे कराकर एक सप्ताह के भीतर डीपीआर शासन को भेजी जाएगी। इंजीनियरिंग कॉलेज के कर्मचारियों की वेतन विसंगति की मांग पर बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक में निर्णय हो चुका है।
इसका जीओ शीघ्र जारी हो जाएगा। इस दौरान विद्यालय के बच्चों ने शानदार रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। स्कूल भवन के लिए अपनी निधि से ढाई लाख रुपए देने की घोषणा की। महिला मंगल दलों को ढोलक, चिमटा, मजीरा, दरी आदि सामग्री भी प्रदान की गई। प्रधानाचार्य पूरन चंद्र पांडेय ने सभी का आभार जताया। संचालन प्रदेश सचिव नारायण रावत ने किया। भूपाल बजेठा, सुरेंद्र रावत, किशन बजेठा, हरी राम आर्य, श्याम लाल, चंदन राम, कुंवर बजेठा आदि थे।