वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय सभागार में नगर के बिलियर्ड्स संचालकों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि यदि बिलियर्ड्स केंद्रों में नशाखोरी की शिकायतें सही पाई गई तो संबंधित बिलियर्ड को सीज कर दिया जाएगा। संबंधित बिलियर्ड संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस को नगर के कई बिलियर्ड्स केंद्रों में स्कूली बच्चों के क्लास छोड़कर घुसने और वहां नशा आदि करने की शिकायतें बार-बार मिल रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी बिलियर्ड्स की आड़ में गलत धंधे करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कहा कि लोगों की शिकायत है कि अधिकांश संचालक बिलियर्ड में बच्चों को आने देते हैं । इनमें नाबालिग बच्चों को बिलियर्ड्स में कतई न आने दें। इसके लिए शीघ्र ही चैकिंग अभियान चलाया जाएगा। बिलियर्ड्स सेंटरों में मिलने वाले बच्चों से भी पूछताछ की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बिलियर्ड्स स्वामियों का भी दायित्व है कि बच्चों को गलत रास्ते में जाने से बचाने के लिए उन्हें खुद इस तरह की क्रियाकलापों पर रोक लगाने के लिए सहयोग करना चाहिए। एसएसपी ने बिलियर्ड्स स्वामियों से कहा कि बिलियर्ड्स केंद्रों के संचालन के लिए अच्छे आचरण वाले कर्मचारी रखने को कहा। बैठक में कोतवाल उत्तम सिंह और कई बिलियर्ड्स संचालक मौजूद थे।