भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। शराब हटाओ, खेती बचाओ समिति भिकियासैंण के बैनर तले लोगों ने ब्लॉक परिसर से जागरूकता रैली निकाली। जागरूकता रैली का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख हिमानी नैनवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। लोगों ने बाजार में सभा की। सभा में वक्ताओं ने बढ़ते अपराधों के लिए नशे को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने इस मुहिम में आम जनता से जुड़ने का आह्वान किया।
शुक्रवार को पलायन रोको, नशा हटाओ, खेती, पहाड़ बचाओ नारे के साथ विभिन्न संगठनों ने ब्लाक परिसर से रैली निकाली। बडियाली तिराहे पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा देव भूमि आज शराब के बढ़ते प्रचलन से बरबादी की कगार पर है। रोजगार की सकारात्मक नीति नहीं होने से लगातार पलायन हो रहा है। गांव खाली हो गए हैं। जंगली जानवरों के आतंक से पहाड़ में खेती चौपट हो गई है जिससे आम आदमी का जीवन प्रभावित हुआ है।
ब्लॉक प्रमुख हिमानी नैनवाल ने कहा कि यह रैली ब्लॉक के सभी 101 ग्राम पंचायतों में जाएगी। ग्रामीणों को जागरूक कर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आठ अगस्त को राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री को सभी ग्राम पंचायतों की ओर से ज्ञापन भेजकर कार्यक्रम का समापन होगा। पहले दिन भिकियासैंण के अलावा बाड़ीकोट, जैनल में भी जनजागरूकता रैली निकाली गई।
कार्यक्रम में पारस संस्था के अध्यक्ष कुबेर सिंह कड़ाकोटी, महिला एकता परिषद की सदस्य हेमा नेगी, भारत स्वभिमान जिला प्रभारी शंकर फुलारा, कार्यक्रम के संयोजक डॉ. प्रमोद नैनवाल, दिनेश घुघत्याल, दिवान भंडारी, त्रिलोक भंडारी, शोबन सिंह मावड़ी, हीरा नेगी, लीला बिष्ट, जीवन सिंह, भूपाल सिंह, माया तिवाड़ी, जीवंती देवी, संतोष असनोड़ा, भोला दत्त छिमवाल, मदन मेहरा, धन सिंह आदि थे।