कूर्मांचल एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर के जन्म दिन पर नगर में बेटी बचाओ जागरूकता रैली निकाली। रैली में छात्र-छात्राएं हाथों में तख्तियां लिए नारे लगाते हुए चल रहे थे।
स्कूल की निदेशक मधु खाती ने रैली को रवाना किया। नंदादेवी, मुख्य बाजार होते हुए रैली मालरोड में शिखर होटल के समीप पहुंचकर समाप्त हुई। छात्र-छात्राएं नारी शिक्षा, कन्या भ्रूण हत्या रोकने, बेटी बचाओ, बेटियों पर हो रहे अत्याचार को रोकने और अल्मोड़ा को स्वच्छ बनाने संबंधी नारे लगा रहे थे।
बच्चे हाथों में ‘कलियों को खिल जाने दो, मीठी खुशबु फैलाने दो’ ‘बंद करो इनकी हत्या, अब जीवन ज्योति जलाने दो’ आदि नारे लिखी तख्तियां थी। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाध्यापक केके पंत शिक्षक-शिक्षिकाओं के अलावा आर्ट ऑफ लिविंग के कमल कपूर, सुमित बोहरा, आशा पंत आदि उपस्थित थे।