प्रशासन और पालिका परिषद द्वारा नगर की बाजारों से अतिक्रमण हटाने को लेकर जनवरी से चलाया गया अभियान इन दिनों सुस्त पड़ा है जिससे एक बार फिर से अतिक्रमण बढ़ रहा है और बाजार सिकुड़ने लगे हैं। इससे संकरे रास्तों से गुजरने में लोगों को परेशानी हो रही है।
जनवरी में प्रशासन ने बाजार में दुकानों के आगे फड़ लगाने वालों को हटा दिया था। करीब एक महीने से बाजार में दुकानों के आगे फिर से फड़ लगने लगे हैं। जिससे लोगों को दिक्कत हो रही है। पालिका, प्रशासन और पुलिस भी अतिक्रमण रोकने को सक्रिय नहीं है।
धारानौला मार्ग में तो कई स्थानों पर कई दुकानदार दुकान से बाहर सामान लगा रहे हैं। लोगों को सबसे अधिक परेशानी तीखे ढलान पर बेरोकटोक दौड़ रहे दुपहिया वाहनों से भी हो रही है। मार्ग में दुपहिया वाहनों के चलने से दुर्घटना का भय बना रहता है। कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने बताया कि दोपहिया वाहनों को रोकने के लिए पालिका ने पूर्व में धारानौला सड़क के पास अवरोधक लगाए थे, लेकिन अराजक तत्वों ने रात में इन्हें तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि इस मार्ग में फिर से अवरोधक लगा कर दुपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि अतिक्रमण को लेकर चला अभियान बंद नहीं किया गया है। फिर से सक्रियता के साथ अभियान चलेगा।
धारानौला मार्ग में हटवाया सामान
धारानौला मार्ग में अतिक्रमण के चलते लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। मंगलवार को कई लोगों ने पालिका कार्यालय पहुंच कर नाराजी जताई। इसके बाद पालिका का दल मौके पर पहुंचा। पालिका कर्मियों ने व्यवसायियों द्वारा मार्ग में फैलाया सामान हटा दिया और पुन: अतिक्रमण पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। पालिका की टीम में कमल कुमार पाठक, सभासद राजेंद्र तिवारी, रूप सिंह, राजेंद्र अधिकारी, चंदन सिंह, गोपाल सिंह, दीवान सिंह, रमेश जोशी आदि शामिल थे।