पुलिस ने चरस के अवैध धंधे में लिप्त बेरीनाग में मिठाई की दुकान चलाने वाले एक व्यापारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्रूखाबाद का रहने वाला है और बीते 17 साल से बेरीनाग में रह रहा था। अप्रैल में चरस और अफीम के साथ पकड़े गए एक आरोपी के साथ परिचय होने और मिलकर नशा सप्लाई करने के सबूत मिलने के बाद उसे एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/20/29/ 27(ए) में गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसएसपी पीएन मीणा के निर्देश पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे आपरेशन नया सवेरा के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में कोतवाली पुलिस की टीम ने 13 अप्रैल को अजय कुमार गुप्ता निवासी, आलमगिरी गंज बरेली उप्र, मूल निवासीनयागंज, शाहजहांपुर यूपी के कब्जे से दो किलो चरस और दो किलो अफीम बरामद की थी।
सीओ कमल राम आर्य के नेतृत्व में मामले की विवेचना एसआई गौरव जोशी कर रहे थे। विवेचना के दौरान सामने आया कि पूर्व में पकड़े गए आरोपी अजय कुमार का बेरीनाग में मिठाई की दुकान चला रहे विशाल गुप्ता पुत्र विरेश गुप्ता निवासी राजेपुर, जिला फर्रूखाबाद हाल निवासी नया बाजार बेरीनाग पिथौरागढ़ से गहरा संबंध था। पुलिस की टीम ने छानबीन की तो पता चला कि बेरीनाग में मिठाई की दुकान की आड़ में विशाल गुप्ता पहाड़ में नशे का कारोबार कर रहा था।
कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि विशाल गुप्ता 17 साल से जीआईसी बेरीनाग में एक छोटी सी मिठाई की दुकान चलाता है और आस-पास के क्षेत्रों से चरस एकत्र कर अजय गुप्ता को देता था। चरस से कमाई रकम को अजय कुमार ने विभिन्न तिथियों में सात लाख बीस हजार विशाल के बैंक खाते में डाली। उन्होंने बताया कि चरस और अफीम का धंधा करने के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी विशाल गुप्ता को बुधवार को धारानौला से गिरफ्तार कर लिया गया है।