द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। जीआईसी तकुल्टी में शिक्षकों के खाली पदों पर नियुक्ति न होने से गुस्साए ग्रामीणों ने क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। पहले दिन चंद्रशेखर, भोलादत्त छिम्वाल क्रमिक अनशन पर बैठे। वहां हुई सभा में शासन, प्रशासन पर विद्यार्थियों की अनदेखी का आरोप लगाया गया।
वक्ताओं ने कहा कि कॉलेज में अधिकांश शिक्षकों के पद खाली हैं, कई बार जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया गया, लेकिन एक भी आश्वासन पूरा नहीं हुआ है। शिक्षकों के अभाव में विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इससे पहले जुलूस निकालकर प्रदर्शन भी किया गया।
जुलूस तकुल्टी बाजार होते हुए आंदोलन स्थल तक पहुंचा। इनमें बीडीसी सदस्य आशा देवी, जगदीश चंद्र जोशी, बीडी छिम्वाल, चंद्रशेखर, गोपाल सिंह, दयाकृष्ण तिवारी, कैलाश चंद्र सती, किशनानंद, दिनेश पाठक, हंसी देवी, खष्टी देवी आदि तकुल्टी, भंटी, सूरे, रूपानौली, पटास, निरकोट, सीमापानी, नागार्जुन, खरक, मुनियाचौरा के लोग थे।
द्वाराहाट। मांगों को लेकर उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर प्राथमिक शिक्षक संघ इकाई ने भी यहां प्रदर्शन किया। बीआरसी कार्यालय में हुई सभा में वक्ताओं ने शासन, प्रशासन पर मांगों की अनदेखी का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री को मांगों से संबंधित पोस्टकार्ड ज्ञापन भेजे। पूर्व जिलाध्यक्ष बलवंत अधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष ललित पालीवाल, भुवन भट्ट, जगदीश तिवारी, निरंजन कुमार, पूरन बिष्ट, नंदाबल्लभ आदि थे।