12 अप्रैल को हर मतदान स्थल पर बीएलओ तैनात रहेंगे। वे मतदाता के आधार नंबर को फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र से जोड़ेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार सुमन ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक बीएलओ अपने क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता से उसका आधार नंबर प्राप्त करेंगे। जिसे राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र से लिंक किया जाना है।
उन्होंने बताया कि आयोग वोटर लिस्ट को सुधारने के लिए यह अभियान चला रहा है। कोई मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपने और परिवार के अन्य लोगों का आधार नंबर लिंक कर सकता है। उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल को हर मतदान केंद्र में बीएलओ तैनात रहकर मतदाताओं का आधार नंबर प्राप्त करने के साथ ही निर्वाचक नामावली को दुरुस्त करेंगे।
एक तरफ भारत निर्वाचन आयोग मतदाता से आधार नंबर प्राप्त करके फोटोयुक्त पहचान पत्र से लिंक करने का अभियान शुरू कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ जिले में आधार कार्ड बनाने का काम बहुत धीमा है। अल्मोड़ा नगर क्षेत्र में करीब एक साल पहले कुछ ही लोगों के कार्ड बन सके थे जबकि कई लोगों को फोटो खिंचवाने के बावजूद आधार कार्ड जारी नहीं किया गया। नगर क्षेत्र में तब से दोबारा आधार कार्ड बनाने काम शुरू नहीं हुआ है।
उधर ग्रामीण क्षेत्र में भी यह काम बहुत धीमा है। प्रशासन ने जिले में सात एजेंसियों को आधार कार्ड बनाने का काम सौंपा है। इसके बावजूद कार्ड बनाने की गति नहीं बढ़ सकी है। जिससे लोग परेशान हो रहे हैं। अब इससे आधार नंबर को वोटर लिस्ट से लिंक करने का काम भी पिछड़ जाएगा।