नोटबंदी के बाद अब बैंकों में वेतनभोगी और पेंशनरों की भीड़ लगनी शुरू हो गई है। माह का आखिरी दिन होने के कारण बुधवार को अधिकांश बैंकों में पेंशनर पैसा निकालने को पहुंचे। इसके अलावा पैसे निकालने और जमा करने वालों की भी तादात ज्यादा होने से बैंकों में अंदर और बाहर दोनों ओर काफी भीड़ देखने को मिली।
नवंबर के आखिरी दिन बुधवार को नगर के एसबीआई, पीएनबी और जिला सहकारी बैंक में वेतनभोगी, पेंशनरों की भीड़ लगनी शुरू हो गई है। एसबीआई बैंक में सुबह से ही अंदर और बाहर तक लोग पैसे निकालने के लिए लाइन में खड़े रहे। यही हाल पीएनबी और जिला सहकारी बैंक में भी देखने को मिला। एसबीआई के अलावा अन्य बैंकों में रकम कम होने के कारण लोगों को अभी भी खाते से निकासी के लिए ज्यादा पैसे नहीं मिल पा रहे हैं, वहीं एटीएम से भी सीमित पैसा ही निकाल पा रहा है। पैसा नहीं होने से अभी भी कई एटीएम बंद हैं।
एसबीआई पहुंचे लोनिवि से रिटायर रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि भीड़ बहुत ज्यादा है और लाइन में घंटों खड़ा रहना उनके लिए संभव नहीं इसलिए वह लौट गए। उन्होंने बताया कि भीड़ के कारण इन दिनों पासबुक में एंट्री भी नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि एसबीआई में 24 हजार मिल रहे हैं, लेकिन अन्य बैंकों में पैसे की कमी के कारण कहीं चार हजार तो कही एक हजार का भुगतान हो पा रहा है। इधर अनेक बैंक शाखाओं में पर्याप्त करेंसी नहीं होने से लोग परेशान हैं। संबंधित बैंक शाखाओं का कहना है कि कि एसबीआई मुख्य शाखा से करेंसी नहीं मिलने के कारण दिक्कत हो रही है।