रुपए निकालने के लिए एटीएम में खड़े लोग
- फोटो : अमर उजाला
बैंक बंद होने के बाद भी रविवार को एटीएम में पैसे निकालने के लिए लोगों की लाइन दिखाई दी। करेंसी नहीं होने से अधिकांश एटीएम बंद रहे। एसबीआई समेत कुछ बैंकों के एटीएम में सुबह से ग्राहकों की लाइन दिखी। बाजार में आया दो हजार का नोट भी व्यापारी वर्ग को खुश नहीं कर पा रहा है। खुले पैसे नहीं होने के कारण व्यापारी सामान देने से कतरा रहा है। अस्पतालों में छोटे नोटों की करेंसी न होने से पांच सौ और हजार नहीं लिए जा रहे हैं।
पांच सौ और हजार के नोट बंद होने के बाद से लगातार बैंकों और एटीएम में रोज लोगों की लाइनें लग रही हैं। एक दो दिन से बैंकों में भीड़ जरूर कम हुई है। लेकिन एटीएम में अभी भी लोगों की लंबी लंबी कतारें देखने को मिल रही है। नगर में रविवार को बैंक तो बंद रहे। करेंसी नहीं होने के कारण अधिकांश एटीएम बंद मिले।
कुछ एटीएम खुले थे तो उनमें लोगों की लाइनें लगी रही। बड़े नोट बंद होने से सबसे ज्यादा दिक्कत ग्रामीण इलाकों में हो रही है। व्यापारी वर्ग नोट बंदी के बाद से परेशान हैं। बाजार में व्यापार मंदा हो गया है। बाजार में आया दो हजार का नोट भी व्यापारी खुले पैसे नहीं होने के कारण नहीं ले पा रहे हैं। वहीं अस्पतालों में पांच सौ और हजार के नोट चलना बंद होने से मरीजों को 17 रुपये की पर्ची काटने के लिए खुले पैसे का इंतजाम करना पड़ रहा है।