विश्व बैडमिंटन फेडरेशन की ओर से जारी रैकिंग में अल्मोड़ा के युवा शटलर लक्ष्य सेन को विश्व जूनियर रैंकिग में पहला स्थान मिला है। कई राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय पदक हासिल कर चुके लक्ष्य के भाई चिराग भी दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी हैं। वर्तमान में लक्ष्य साईं एक्सटेंशन सेंटर अल्मोड़ा और प्रकाश पादुकोण अकादमी बंगलूरू से प्रशिक्षण ले रहे हैं।
उत्तरांचल बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि गुरुवार को जारी रैंकिग में लक्ष्य को 16903 अंकों के साथ प्रथम स्थान मिला है।16091 अंक के साथ ताईपे के चयाहुवाली दूसरे स्थान पर और 13400 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर थाइलैंड के पचरौपौल हैं। इससे पूर्व लक्ष्य के बड़े भाई चिराग को भी वर्ल्ड जूनियर रैंकिग में दूसरा स्थान मिल चुका है। मालूम हो कि लक्ष्य के पिता डीके सेन बैडमिंटन खिलाड़ी होने के साथ ही भारतीय खेल प्राधिकरण के साईं एक्सटेंशन केंद्र अल्मोड़ा में बैडमिंटन कोच भी हैं। लक्ष्य ने उपलब्धि का श्रेय माता-पिता के साथ-साथ ओलंपिक गोल्ड क्वेस्ट समिति और प्रकाश पादुकोण अकादमी बंगलूरू को दिया है।