अल्मोड़ा। सिंगापुर में हुई एल्फा एज ग्रुप बैडमिंटन चैंपियनशिप में अल्मोड़ा की मनसा रावत ने फाइनल मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चारों वर्गों में स्वर्ण पदक जीत कर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।
उत्तरांचल राज्य बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि 14 आयु वर्ग के एकल मुकाबले के फाइनल में अल्मोड़ा की मनसा रावत ने सिंगापुर की चार्मिन चांग को 21-14, 19-21, 21-11, 12 वर्ष के आयु वर्ग के एकल मुकाबले के फाइनल में मनसा ने मलेशिया की लरइव्ही को सीधे सेटों पर 21-10, 21-15, अंडर 10 आयु वर्ग के एकल फाइनल मुकाबले में मनसा रावत ने सिंगापुर की तइयूहांग को 21-12, 21-05 से, अंडर 10 के युगल के फाइनल में मनसा ने साथी खिलाड़ी जैकिंथा थों के साथ सिंगापुर की पामिला चिया, तइयूहांग की जोड़ी को 21-05, 21-11 से पराजित कर चारों वर्ग में स्वर्ण पदक जीते।
मनसा रावत शारदा पब्लिक स्कूल की छात्रा है। मनसा के पिता नरेंद्र रावत रिलायंस कंपनी बागेश्वर में कार्यरत हैं, जबकि माता रमा रावत गृहणी है। मनसा बैडमिंटन कोच डीके सेन के निर्देशन में प्रशिक्षण ले रही हैं। मनसा की उपलब्धि पर शारदा पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य विनीता लखचौरा, विधायक मनोज तिवारी, सीडीओ प्रकाश चंद्र, जिला क्रीड़ाधिकारी सीएल वर्मा, मधु खाती, राम अवतार, प्रशांत जोशी, अनिल नैनवाल, सुरेश कर्नाटक, राकेश जायसवाल, गोकुल मेहता, अमरनाथ रजवार, कमल गुप्ता, विजय प्रताप, नंदन रावत, दीपक वर्मा, नवीन उपाध्याय ने खुशी जताई है।