प्रधानमंत्री जन आरोग्य और आयुष्मान भारत योजना का शुभारंभ करते हुए केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि योजना लोगों की जान बचाने का काम करेगी। जिले में 33763 लोगों को योजना का लाभ मिलेगा। पात्र परिवार के सदस्यों को अस्पताल में भर्ती होने पर कैशलेस आधार पर पांच लाख रुपये तक की चिकित्सा सुविधा देश के सभी सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि मरीजों की सहायता के लिए अस्पतालों में आरोग्य मित्र भी तैनात किए गए हैं और शिकायत निवारण समिति का भी गठन किया गया है। इस मौके पर उन्होंने जिले के लिए आवंटित 108 के दो वाहनों को भी गंतव्य के लिए रवाना किया।
एसएसजे परिसर के विधि संकाय के आडिटोरियम में हुए योजना के शुभारंभ मौके पर उन्होंने कहा कि ऋषि, मुनियों की सोच को साकार करने का बीड़ा प्रधानमंत्री ने उठाया है। योजना में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के निर्धन और असहाय लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। अस्पताल की ओपीडी में लोगों को 105 प्रकार की बीमारियों के लिए डे-केयर सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि हृदय, नाक-कान गला, नेत्र, हड्डी, पेशाब, महिला प्रसूति, सर्जरी के अलावा न्यूरो से संबंधित, रेडियोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी, बाल रोग, कैंसर आदि 21 प्रकार की अवस्थाओं को उपचार की श्रेणी में रखा गया है। इस मौके पर उन्होंने 30 लोगों को गोल्डन कार्ड भी बांटे। योजना में किसी प्रकार के रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता नहीं है। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. टीसी पंत ने लोगों से योजना का लाभ उठाने को कहा। भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह पिलख्वाल ने बताया कि प्रदेश में योजना अटल स्वास्थ्य योजना के नाम से चलाई जाएगी।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, निदेशक स्वास्थ्य कुमाऊं डॉ. आरके पांडे, पीएमएस डॉ. निशा पांडे, डॉ. टीडी रेखोलिया, सीएमएस डॉ. प्रकाश वर्मा, डीएस नेई, डॉ. एके सिंह, डॉ. योगेश पुरोहित, डॉ. सविता हंयाकी, डॉ. ललित पांडे, तरूण लोहनी, भाजपा नगर अध्यक्ष कैलाश गुरुरानी, ब्लॉक प्रमुख सूरज सिराड़ी, सुनील जोशी, महेश नयाल, देवेंद्र सिंह, हरीश कनवाल समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद थेे।