अपने आप गर्म होते फर्श को देखने पहुंचे लोगों का हुजूम।
- फोटो : अमर उजाला
सदर बाजार स्थित एक पान की दुकान के अचानक गर्म होते फर्श ने सभी को अचंभित कर दिया। दुकानदार सहित वहां मौजूद लोग सकते में आ गए। सुबह दुकानदार ने पूजा करने के लिए जैसे ही जूते खोलकर पांव फर्श पर रखा तो फर्श काफी गर्म था। सूचना के बाद वहां लोगों का हुजूम एकत्रित हो गया। आनन फानन में विद्युत विभाग ने वहां बिजली भी कटवा दी, लेकिन इसके बाद भी फर्श ठंडा होने का नाम नहीं ले रहा है। व्यापारी मामले को लेकर यहां संयुक्त मजिस्ट्रेट कार्यालय भी गए।
सदर बाजार में राजू पान भंडार नामक दुकान का फर्श सुबह से ही अपने आप गर्म हो रहा है। अजीबो गरीब घटना ने स्थानीय नागरिकों को सकते में डाल दिया है। अपने आप गर्म हो रहे फर्श के कारण वहां कौतूहल बना हुआ है। देर शाम तक लोग फर्श की गर्मी को देखने के लिए वहां पहुंच रहे थे। दुकानदार सोनू चौरसिया ने बताया कि उन्होंने जैसे ही पूजा करने के लिए पांव फर्श पर रखे तो फर्श का कुछ हिस्सा काफी गर्म था। उन्होंने लोगों को इसकी सूचना दी। इसके बाद लोग संयुक्त मजिस्ट्रेट के पास पहुंचे। संयुक्त मजिस्ट्रेट के निर्देश पर बिजली विभाग के अधिकारियों ने वहां गहन जांच की। उन्होंने बताया कि बिजली का कोई फाल्ट नहीं है, फिर भी उन्होंने कुछ संयोजनों को फिलहाल अस्थायी रूप से काट दिया है। दरअसल फर्श के नीचे खुली नाली है। अब यह पता नहीं चल पा रहा है कि आखिर फर्श गर्म कैसे हो रहा है। शाम तक फर्श कुछ ठंडा हो गया था।