अल्मोड़ा। राजकीय आदर्श इंटर कालेज हवालबाग में स्थित अटल टिंकरिंग लैब को नीति आयोग भारत सरकार के अटल इनोवेशन मिशन के अंतर्गत ‘एटीएल ऑफ द मंथ’ चुना है। यह सम्मान पाने वाले राज्य के पांच स्कूलों में जीआईसी हवालबाग भी शामिल है।
लैब के प्रभारी डॉ. कपिल नयाल ने बताया कि लैब में होने वाली गतिविधियों, बच्चों द्वारा तैयार किए गए इनोवेटिव मॉडल, अटल मेंटरिंग सेशन, विभिन्न विशेषज्ञों की ओर से समय-समय पर दिए जाने वाले व्याख्यानों के आधार पर देश भर की लैबों में से चुनिंदा लैबों को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर इस सम्मान के लिए चुना जाता है। लैब में बच्चों द्वारा दो ड्रोन, होम ऑटोमेशन, स्मार्ट डस्टबिन, ऑटोमेटिक पॉल्युशन कंट्रोलर, ब्लाइंड स्टिक, स्मार्ट होम, थ्री-डी प्रिंटर से कई त्रिविमीय वस्तुओं को बनाया गया है। हाल में टिहरी गढ़वाल की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट, विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिकों ने भी ने लैब में आकर बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडलों को सराहा।
स्कूल के प्रधानाचार्य नवनीत कुमार पांडे ने बताया कि लैब में अन्य स्कूलों के बच्चे भी आकर जानकारी प्राप्त करते हैं। 30 स्कूलों के बच्चों ने लैब का भ्रमण कर विभिन मॉडल बनाना सीखा है। स्कूल की अटल टिंकरिंग लैब को पूर्व में भी दो बार एटीएल ऑफ द मंथ चुना गया है। स्कूल की उपलब्धि पर डीएम नितिन सिंह भदौरिया, सीईओ हर्ष बहादुर चंद, शिक्षक तारा दत्त भट्ट, मोती प्रसाद साहू, बराती लाल यादव, प्रदीप सलाल, कृपाल बिष्ट ,धन धोनी आदि ने खुशी जताई है।