अल्मोड़ा। सरकार सीबीएसई की तर्ज पर प्रत्येक ब्लॉक में दो-दो अटल उत्कृष्ट स्कूलों को चालू शिक्षा सत्र से संचालित कर रही है। जिलों के 11 ब्लॉकों में चयनित किए गए 22 स्कूलों में से 14 स्कूलों को ही सीबीएसई की मान्यता मिल सकी है, जबकि आठ स्कूलों को अब भी सीबीएसई से मान्यता मिलनी बाकी है।
जिले में 11 ब्लॉक हैं। प्रत्येक ब्लॉक में दो-दो अटल उत्कृष्ट स्कूल शिक्षा विभाग ने चयनित किए हैं। यह स्कूल सीबीएसई पैटर्न पर संचालित होने हैं।
प्रत्येक स्कूल को सीबीएसई के मानक पूरे करने हैं। इन स्कूलों के पास 22 नाली (4500 वर्ग मीटर) भूमि चाहिए। इन स्कूलों में हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यम में विज्ञान, कला, वाणिज्य की कक्षाएं संचालित होंगी।
अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं सीबीएसई से और हिंदी माध्यम की कक्षाएं उत्तराखंड बोर्ड से मान्यता प्राप्त होंगी। ताकि जिले के गरीब बच्चों को भी सीबीएसई की बेहतर शिक्षा मिल सके।
विभाग ने इन स्कूलों को सीबीएसई से मान्यता के लिए पूर्व में आवेदन किया था। 22 स्कूलों में से 14 स्कूलों को ही सीबीएसई से मान्यता मिल पाई है, जबकि शेष आठ स्कूलों को मान्यता का इंतजार है।
इनमें जीआईसी सराईखेत, मासी, भुजान, सलौंज, द्वाराहाट, सोमेश्वर, जीजीआईसी अल्मोड़ा और बाड़ेछीना शामिल हैं। सीईओ एचबी चंद ने बताया कि मान्यता के लिए आवेदन किया गया है। आशा है कि जल्द ही शेष आठ स्कूलों को भी सीबीएसई से मान्यता मिल जाएगी।
उन्होंने बताया कि इन स्कूलों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे सोमवार 12 जून को इन स्कूलों का शुभारंभ करेंगे।