बीएसएनएल की संचार सेवा तीन दिन से ठप होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। पुलिस थाने में हुई दोनों पक्षों की बातचीत के बाद मंगलवार तक सेवा सुचारु करने और विधानसभा सत्र तक सड़क में किसी भी तरह का कार्य नहीं करने की बात तय हुई है।
पहले सड़क की मरम्मत और अब क्षेत्र में सेना की ओएफसी बिछाने के कार्य के चलते जेसीबी द्वारा गड्ढों के खुदान के कारण द्वाराहाट और चौखुटिया के बीच कई स्थानों पर ओएफसी कटने से क्षेत्र की मोबाइल, लैंड लाइन और इंटरनेट सेवा पिछले तीन दिन से ठप पड़ी है, जिससे आम लोग तो परेशान हैं ही इससे सरकारी कामकाज भी ठप पड़ा है।
इधर इस स्थिति के बाद एसपी से मिले निर्देशों के तहत थानाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ओएफसी बिछाने में लगी डीडी इंटरप्राइजेज के कर्मी अफजल खान और अब्दुल को थाने में ले आए।
थानाध्यक्ष ने दोनों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की बात कहते हुए मंगलवार तक सड़क में फैलाया मलबा हटाने को कहा।
इस मौके पर पहुंचे बीएसएनएल के जेटीओ डीके यादव ने बताया कि कंपनी के कर्मियों द्वारा बेतरतीब ढंग से किए गए कार्य के चलते ओएफसी कई स्थानों पर कट चुकी है, जिसे जोड़ने में समय लग रहा है।
बताया कि मंगलवार तक सेवा सुचारु हो जाएगी। तय हुआ कि कंपनी गैरसैंण में होने वाले विधानसभा सत्र तक सड़क में किसी भी तरह का कार्य नहीं करेगी।